वक्फ फोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर दिये विवादित बयान
अयोध्या, जेएनएन। रामलला के दर्शन करने बुधवार को अयोध्या पहुंचे सेंट्रल शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर विवादित बयान दिया है।
वसीम रिजवी ने कहा प्रियंका गांधी वाड्रा खूबसूरत हैं, उन्हें राजनीति में आने की जरूरत नहीं थी। मेरे पास आती तो मैं अपनी फिल्म ‘राम जन्मभूमि’ में जफर खान की बहू का रोल दे देता। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी का परिवार मुस्लिम परिवार है। कांग्रेस पहले ही भगवान राम के वजूद को नकार चुकी है।
उन्होंने कहा कि विवादित स्थल पर ही राम मंदिर बनेगा। अगली बार यहां आऊंगा तो भव्य राम मंदिर में ही राम लला का दर्शन करूंगा। निर्मोही अखाड़ा की सुप्रीम कोर्ट में याचिका पर वसीम रिजवी ने कहा सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित पैनल से वह संतुष्ट हैं। मामले की सुनवाई के लिए स्थान बदलने की जरूरत नहीं है। जहां भगवान राम पैदा हुए, जहां मंदिर बनना है, वही हो समझौते की पहल हो तो बेहतर है। इस दौरान वसीम रिजवी और सुप्रीम कोर्ट के दो वकीलों ने रामलला का दर्शन किया।